जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग के पास परिवहन विभाग की महिला अधिकारी द्वारा वाहन मालिक पर गाड़ी चढाने क?
- फोटो : JAUNPUR
जफराबाद। वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर जगदीशपुर के पास वाहन चेकिंग के दौरान महिला यात्री कर अधिकारी और ट्रक मालिक के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ। ट्रक मालिक को सरकारी वाहन से कुचलवाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। महिला अधिकारी के गिरफ्तारी की मांग की। थाने पर पहुंचकर भी लोगों ने हंगामा किया।
उधर, महिला अधिकारी ने ट्रक मालिक पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह मामला शांत कराया। परिवहन विभाग में यात्री कर अधिकारी स्मृति वर्मा शनिवार को वाहनों की जांच के लिए जगदीशपुर पहुंचीं। हाईवे के किनारे गांव निवासी मित्रसेन सिंह की ट्रक खड़ी थी। ट्रक मालिक का आरोप है कि यात्री कर अधिकारी ने इस ट्रक का चालान कर दिया, जबकि वह काफी समय से सड़क पर नहीं चल रही। इसका विरोध करने पर यात्री कर अधिकारी ने अपशब्दों का प्रयोग किया। धमकी देते हुए अपने चालक को आदेश देकर सरकारी वाहन से कुचलवाने का प्रयास किया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लिया। यात्री कर अधिकारी पर केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पाकर जफराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। थाने पहुंचकर भी ग्रामीणों ने खूब हंगामा किया। इसी दौरान दोपहर करीब डेढ़ बजे यात्री कर अधिकारी थाने पर पहुंच गईं। आक्रोशित लोगों ने उनका वाहन घेर लिया। इस बाबत यात्री कर अधिकारी स्मृति वर्मा का कहना है कि ट्रक के चालान से नाराज ट्रक मालिक ने फोन कर उन्हें मौके पर बुलाया। वहां पहुंचने अभद्रता करने लगा।