केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ गई है। बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के पलिया महमूदपुर गांव में कार्यदायी संस्था की तरफ से पाइपलाइन बिछाने के लिए आरसीसी रोड को तोड़ कर बोल्डरों में तब्दील कर दिया गया, लेकिन उसे बनाने की जहमत नहीं उठाई जा रही है।
पलिया महमूदपुर गांव में कार्यदायी संस्था की तरफ से आरसीसी सड़क को तोड़कर पाइपलाइन बिछाई तो जा रही है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। प्रोजेक्ट में सड़क खोदकर पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद मरम्मत कार्य शामिल है। हालत यह है कि कार्यदायी संस्था ने पाइप डालने के लिए मुख्य मार्गों तथा गांव की गलियों को खोद कर महीनों से छोड़ दिया है। पाइप डालने के बाद जगह-जगह सड़कें टूट कर धंस गई है। सड़कों के टूटने से आए दिन लोग चुटहिल हो रहे हैं।
क्षेत्र के इंद्रजीत, सुनील, विनोद, तीजिया, अनुराग का कहना है कि मानक के विपरीत कार्य चल रहा है। सड़क खोदकर पाइपलाइन बिछा दी जा रही है, लेकिन सड़क मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। मुख्य मार्ग, सीसी रोड पर मरम्मत कार्य अविलंब नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा।जल निगम के अधिशासी अभियंता रामेश्वर दयाल ने बताया कि तीन टीमें बनाई गई हैं। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कार्यदायी संस्था को नोटिस दिया जा रहा है।