दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़उर गांव में पीड़ित परिव
मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव में चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य व आजमगढ़ के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कांग्रेस पार्टी एहसान खान ने बृहस्पतिवार से पीड़ित परिवार के घर पर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने के दौरान एहसान खान ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के 21 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस दबिश और कार्रवाई के दावे तो कर रही है, लेकिन उसका असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। यदि पुलिस सक्रिय रहती तो आरोपी इतने दिनों तक फरार नहीं घूमते। धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों और समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई नहीं, बल्कि गरीब और कमजोर वर्गों की आवाज उठाने का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और गरीब परिवारों को न्याय दिलाने में पुलिस की कार्यशैली निराशाजनक रही है। धरने में मृतक आजाद बिंद की मां, बहन सौम्या बिंद और पिता रामलखन बिंद भी शामिल रहे। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई। एहसान खान ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए पहले भूख हड़ताल और फिर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। धरना प्रदर्शन को देखते हुए गांव में पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।