ज्ञानपुर नगर में पूजन सामग्री की खरीददारी करती महिलाएं। संवाद
पांच दिवसीय दीप पर्व शुक्रवार से शुरू होगा। बृहस्पतिवार को लोग धनतेरस की तैयारी में जुटे रहे। भिदिऊरा निवासी आचार्य गणेश पांडेय ने बताया कि इस वर्ष धनतेरस शुक्रवार को पड़ रहा है।
यह शुभ संयोग तीन साल बाद बना है। शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी को समर्पित होता है। इसी दिन धन के देवता कुबेर का प्राकट्य दिवस भी है। भगवान धन्वंतरि देव का भी प्राकट्य दिवस भी है।
शनिवार को छोटी दीपावली, रविवार को प्रकाशोत्सव है। सोमवार को भईया दूज और मंगलवार को भगवान चित्र गुप्त की पूजा होगी। धनतेरस पर हस्त नक्षत्र का शुभ संयोग बन रहा है। इस योग में खरीदारी और निवेश करना लाभकारी माना जाता है। इसी दिन सिंह राशि में गुरु और केतु की युति से ध्वजा योग, कन्या राशि में शुक्र और चंद्र से कलात्मक योग तथा तुला राशि में सूर्य और बुध की युति से भाग्यवान योग बन रहा है।
जो धनतेरस के महत्व को कई गुना अधिक बढ़ा देता है। सुबह 11.06 बजे से त्रयोदशी तिथि लग जाएगी, जो पूरी रात रहेगी। धनतेरस का पर्व प्रदोषकालीन त्रयोदशी तिथि में ही संपन्न होगा। इसी दिन आरोग्यता की प्राप्ति के निमित्त भगवान धन्वंतरि देव की पूजा भी की जाती है।
अकालमृत्यु के भय से निवारण के लिए घर के बाहर वैदिक देवता यम के निमित्त दीप प्रज्वलित कर उनकी पूजा की जाती है। आचार्य शरद पांडेय ने बताया कि धनतेरस के दिन घर में धन और वैभव की देवी माता लक्ष्मी का वास होता है। धनतेरस की शाम से दिवाली की रात्रि तक अपने पूजा गृह में अखंडदीप जलाने से निर्धन व्यक्ति पर भी मां लक्ष्मी की कृपा बरसने लगती है।