शीतला धाम चौकियां में माता शीतला का किया गया भव्य श्रृंगार। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
धर्मापुर। पूर्वांचल में आस्था का केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में चल रहे तीन दिवसीय शृंगार महोत्सव में हवन पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। दर्शन पूजन कर परिवार में सुख और शांति के लिए मत्था टेका। बुधवार को प्रात: मंदिर के कपाट खुलने के पश्चात माता रानी की आरती की गई। हवन पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ-साथ माता रानी के जयकारों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। आचार्य अजय मिश्रा मुख्य यजमान सुधीर दत्त तिवारी समेत अनेक वेदपाठी ब्राम्हण ने विधि विधान से दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन पूजन पाठ कर समापन किया।
मंदिर परिषद में दर्शनार्थी बारी-बारी से कतार में खड़े होकर दर्शन पूजन करते रहे। देर रात मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहा। काल भैरव नाथ मंदिर, काली मंदिर, हनुमान मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। युवा शीतला समिति के द्वारा प्रवेश द्वार पर भूतपूर्व प्रधान मनोज मौर्य द्वारा दर्शनार्थियों में प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर परिसर में महोत्सव कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में चौकियां पुलिस चौकी के जवान व पीएससी के जवान तैनात रहे।