महराजगंज। थानाक्षेत्र के भागीपुर कठार गांव में पैसे लेने के बावजूद जमीन दूसरे को बेचने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की। थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। भागीपुर कठार गांव निवासी विजय कुमार की तहरीर पर गांव के ही शशि बेन, उनके बेटे अभिषेक और पुत्री शिवानी के खिलाफ दर्ज की गई है। पीड़ित के मुताबिक शशि बेन के पति शिवाजी की मृत्यु के बाद नाबालिग पुत्र और पुत्री के नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज हो गए। वह यहां की जमीन बेचकर अहमदाबाद में घर बनाना चाहती थीं। इसके बाद वह अहमदाबाद चली गईं, जिसमें 15 डिसमिल जमीन के लिए 52 किस्तों में सन 2022 से 2024 तक 15 लाख 25 हजार रुपये दिए गए। इस धनराशि को जब-जब शशि बेन ने मांगा, तब-तब उनके खाते में भेजा गया। जब तय धनराशि पूरी हो गई तो उन्होंने भूमि रजिस्ट्री करने का आग्रह किया। मगर, शशि बेन बीमारी और टिकट न मिलने का बहाना बनाकर मामले को टालती रहीं। तीन मई 2025 को जब शशि बेन घर आईं थीं तो वह सुबह नौ बजे उनके घर गया और कहा कि या तो जमीन दे दीजिए या मेरा पैसा वापस कर दीजिए। इस पर शशि बेन व उनके पुत्र व पुत्री ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।