ट्राईसिकल, बैसाखी, कान की मशीन आदि अपनी जरूरत के सामान के लिए ठंड में आए निशक्तजनों को मायूस लौटना पड़ा। जिला प्रशासन ने ऐन मौके पर कार्यक्रम में तब्दीली करते हुए ट्राईसाइकल आदि सामानों के वितरण के लिए
तारीख 17 दिसंबर की बजाय 18 दिसंबर कर दी। वितरण का कार्यक्रम ऐन मौके पर क्यों टाला गया, जिला प्रशासन की ओर से इसका कारण स्पष्ट नहीं किया गया।
हालांकि चर्चा इस बात की है कि वितरण के लिए कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव को आना था, लेकिन वे किसी कारण से नहीं आ सके तो कार्यक्रम को टाल कर एक दिन आगे बढ़ा दिया गया।
नि:शक्तजनों को उनकी जरूरत के मुताबिक ट्राई साइकल, बैशाखी, कान की मशीन, छड़ी आदि सामान मुफ्त में उपलब्ध कराने के लिए जरूरतमंदों को 17 दिसंबर को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में बुलाया गया था।
इसके लिए उन्हें विकलांग कल्याण विभाग कार्यालय से टोकन दिए गए थे। अपनी जरूरत के सामान पाने के लिए निशक्तजन बुधवार को ठंड की परवाह किए बिना ही कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह पहुंच गए।
काफी देर इंतजार के बाद उन्हें बताया गया कि आज उन्हें कोई सामान नहीं दिया जाएगा। बता दें कि निशक्त जन काफी दूर-दूर से आए थे। इसके लिए अगले दिन 18 दिसंबर को आना होगा।
इस संबंध में जिलाधिकारी सुहास एलवाई का कहना है कि ट्राईसाइकल वितरण कार्यक्रम टाल कर 18 दिसंबर कर दिया गया है।