जनसभा को संबोधित करते डिप्टी सीएम दिनेश चंद्र शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
उप मुख्यमंत्री दिनेश चंद्र शर्मा ने गुरुवार को जौनपुर जिले के नौपेड़वा में मल्हनी सीट से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने मल्हनी के विकास के लिए ट्रिपल इंजन लगाने की सरकार बनाने पर जोर दिया। कहा कि देश-प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मल्हनी में भाजपा का कमल खिला तो विकास की गति तेज होगी। इस चुनाव से तय होगा कि मल्हनी की जनता विकास चाहती है या गुंडाराज।
यादवेश इंटर कॉलेज में आयोजित सभा में उन्होंने जनता से भयमुक्त होकर मतदान की अपील की। कहा कि हमारे विधायक जहां भी हैं, विकास हुआ है। विकास चाहिए तो विधायक आपका होना चाहिए। हम परिवर्तन करके ही क्षेत्र का विकास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश का वातावरण बदला है। कश्मीर में 70 साल की समस्या का निदान हुआ है। कश्मीर में आज भी आतंकी आते हैं, मगर वहां से सीधे जहन्नुम में जाते हैं।
सरकार जल्द ही तीन लाख नौकरियां देने जा रही है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि मतदाता अब पौवा के लिए नहीं, बल्कि पावर के लिए मतदान करेगा। उन्होंने कहा कि निषादों को जो सम्मान मोदी योगी की सरकार ने दिया है, वह किसी ने नहीं दिया।
कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि मल्हनी चुनाव प्रदेश के विकास की दिशा तय करेगा। यह तय होगा कि मल्हनी की जनता विकास चाहती है या गुंडाराज। सभा में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, उपेंद्र तिवारी, गिरीशचंद यादव, सांसद बीपी सरोज, प्रवीण निषाद, सीमा द्विवेदी सहित सभी विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।