तिलकधारी महाविद्यालय छात्रसभा इकाई के अध्यक्ष अवनीश यादव के नेतृत्व में छात्रों ने जुलूस निकाला और टीडी काॅलेज गेट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियाें ने कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की।
अवनीश यादव ने प्राचार्य पर आरोप लगाया कि छात्र संघ चुनाव के नाम पर छात्रों से लाखों रुपये शुल्क वसूलने के बाद भी चुनाव नहीं कराया जा रहा है। कॉलेज प्रशासन छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए हीलाहवाली कर रहा है। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव की तिथि जल्द घोषित करने की मांग की। चेताया कि यदि चुनाव तिथि घोषित नहीं की गई तो भूख हड़ताल करेंगे। छात्र नेता अमित यादव ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्र राजनीति की प्रथम पाठशाला है। इसलिए छात्रसंघ चुनाव बहाल होना चाहिए। यदि चुनाव बहाल नहीं होता है तो छात्र महाविद्यालय परिसर में धरना देंगे।
समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष दिलीप प्रजापति ने कहा कि तिलकधारी महाविद्यालय और राज कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर कॉलेज के प्राचार्य और डीएम से वार्ता की जाएगी। जुलूस का संचालन कुंदन यादव ने किया। जुलूस और प्रदर्शन में सत्यम यादव, नीलेश यादव, रोहित, राहुल आदि रहे।