जौनपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) गुट के प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव के आह्वन पर मुजफ्फरनगर में सहायक अध्यापक धर्मेंद्र कुमार की हुई हत्या के विरोध में मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षकों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर काॅलेज, बीआपी इंटर काॅलेज, मो.हसन इंटर काॅलेज व जनक कुमारी इंटर काॅलेज में शोकसभा कर मृतक शिक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। संघ के जिलाध्यक्ष राजकेशर यादव के नेतृत्व में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार शुक्ल से मिलकर मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मृतक शिक्षक के परिवार को सांत्वना स्वरूप दो करोड़ अर्थिक सहायता और बच्चों को सरकारी सेवा में आने तक निःशुल्क शिक्षा दी जाए। एक करोड़ की बीमा आच्छादित करने के साथ ही भविष्य में उत्तर पुस्तिकाओं के वाहन के साथ कोई शिक्षक न भेजा जाए। यदि संघ की मांगों पर सरकार निर्णय नहीं लेती है तो लोकसभा चुनाव में निर्वाचन कार्य से शिक्षक विरत रहेंगे। इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, प्रदेश मंत्री कमलनयन, अनिल कुमार कन्नौजिया, जिला संरक्षक डा.सुनीलकांत तिवारी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष रितेश कुमार, राजकेशर यादव, रामसूरत वर्मा आदि उपस्थित रहे।
पर्यवेक्षक अधिकारी ने किया मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण
जौनपुर। यूपी बोर्ड मूल्यांकन के लिए नामित पर्यवेक्षक अधिकारी व एसडीएम डाॅ.ज्ञानप्रकाश यादव ने मंगलवार को कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इसी कड़ी में राजकीय बालिका इंटर काॅलेज सदर, बीआरपी इंटर काॅलेज, शिया इंटर काॅलेज, मोहम्मद हसन इंटर काॅलेज पहुंचकर मूल्यांकन कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान शिक्षकों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।