मुंगराबादशाहपुर-जंघई मार्ग स्थित नीभापुर चौराहे पर सड़क जर्जर हो गई है। जलभराव के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस समस्या के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों को पत्र दिया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जर्जर सड़क पर आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
मुंगराबादशाहपुर ब्लॉक से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित जंघई मार्ग और नीभापुर से उचौरा तक सात किमी. सड़क बेहद खराब है। सरकार सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा कर रही है और मंत्री, सांसद, विधायक सड़कों का जाल बिछाने का वादा कर रहे हैं। लेकिन, जर्जर सड़क की मरम्मत कराने के लिए कोई पहल नहीं कर रहा है। सड़क पर अनगिनत गड्ढे लोगों की दुश्वारियां बढ़ा रहे हैं। बुधवार को ग्रामीणों ने नीभापुर चौराहे पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग का निर्माण कराने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई पहल नहीं हुई। इस रोड पर ब्लॉक कार्यालय, मंडी समिति, कई विद्यालय कॉलेज, शिक्षा संस्थान और बैंक होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। लेकिन, बदहाल सड़क पर उनकी समस्या बढ़ गई है। मंडी समिति जाते समय गड्ढायुक्त सड़क पर किसानों की सब्जी लदी ट्रालियां अक्सर पलट जाती हैं। प्रदर्शन करने वालों में गुलाब सिंह, प्रमोद सिंह, प्रदीप सिंह, रत्नेश सिंह, अमित सिंह, दिलीप यादव, मनोज यादव, भूलन राम, डॉ. वंशी राम बिंद, पप्पू मिश्रा, अशोक मौर्या, सुशील मौर्य, पंचम पाल, लाल बहादुर, ओमप्रकाश तिवारी और दिलीप यादव आदि शामिल थे।