जौनपुर। नगर के कचहरी रोड स्थित बरनवाल ज्वेलर्स के आवास पर जफराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार बरनवाल के कैंप कार्यालय पर रविवार को जौनपुर नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष की बैठक पालिकाध्यक्ष माया दिनेश टंडन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कई मांगों को लेकर शासन को पत्रक सौंपने पर विचार विमर्श किया गया।
पूर्व की भांति 14 वां व 15 वां वित्त आयोग मद की धनराशि व्यय करने का अधिकार अध्यक्ष नगर पालिका व नगर पंचायत को जनहित की मूलभूत कार्यों को करने का अधिकार देने की मांग की। राज्य वित्त आयोग की धनराशि का उपयोग करने का पूर्व अधिकार मिलना चाहिए। अध्यक्ष की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक सुरक्षाकर्मी मुहैया कराने, निकाय में तैनात अधिशासी अधिकारी का अधिकतम 2-3 वर्ष में स्थानांतरण करने, निकाय में बढ़ती आबादी व अन्य खर्चों को दृष्टिगत रखते हुए राज्य वित्त आयोग की धनराशि प्रतिमाह बढ़ाने, सीमा विस्तार से संबंधित लंबित पत्रावली का शीघ्र निस्तारण करने, विगत दो वर्ष से बकाया अवस्थापना विकास निधि की धनराशि को जोड़कर एक साथ दिए जाने, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत को शस्त्र लाइसेंस दिए जाने पर विचार किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मांगों को लेकर शीघ्र ही नगर विकास मंत्री, प्रमुख सचिव एवं मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन दिया जाएगा। जफराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार बरनवाल ने बताया कि अगली बैठक आगामी 7 अप्रैल शाम 4 बजे नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष माया टंडन के आवास पर होगी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष खेतासराय वसीम अहमद, केराकत विजय गुप्ता, मुंगराबादशाहपुर शिव गोविन्द साहू, मड़ियाहूं रूकसाना, शाहगंज नगर पालिका अध्यक्ष गीता जायसवाल, मछलीशहर शबीना बानो और बदलापुर अमरदेई आदि उपस्थित रहीं।