कलेक्ट्रेट पत्रक देने पहुंचे ब्राह्मण एकता परिषद । स्वयं
जौनपुर। यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग के लिए सोमवार को ब्राह्मण एकता परिषद के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज शुक्ला के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन डीएम सैमुअल प़ॉल एन को सौंपा। इसमें एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए संशोधन और एससी-एसटी आरक्षण में क्रीमी लेयर लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। परिषद ने यूजीसी के उच्च शिक्षण संस्थानों से संबंधित नए नियमों को एकपक्षीय बताते हुए वापस लेने अथवा उन्हें वर्ग-निरपेक्ष बनाने की मांग की। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि झूठी शिकायतों के खिलाफ पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं होने से सामान्य और अन्य वर्गों के विद्यार्थियों व शोधार्थियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। ज्ञापन में एससी-एसटी एक्ट के तहत शिकायत मिलने पर सीधे मुकदमा या गिरफ्तारी के बजाय निष्पक्ष प्रारंभिक जांच की व्यवस्था अनिवार्य करने की मांग की गई।