करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर बाजार के पास जौनपुर-शाहगंज हाईवे पर सोमवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार हलवाई श्रवण गुप्ता (35) की मौत हो गई। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। श्रवण दो भाइयों में छोटे थे। उनके दो बच्चे हैं।
आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के मधुबन गांव निवासी श्रवण गुप्ता परिवार के साथ दशहरे के मेले में जलेबी बनाने के लिए शाहगंज आए थे। वह शाहगंज के दुकानदार गणेश गुप्ता के यहां काम करते थे। सोमवार की सुबह वह अपने एक साथी को छोड़ने कोरीडीहा बाजार गए थे। वहां से बाइक से लौटते समय सुबह करीब सात बजे जपटापुर बाजार के पास शाहगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से श्रवण उछलकर सड़क की दूसरी पटरी पर जा गिरे। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने बताया कि श्रवण गुप्ता परिवार की गृहस्थी चलाने के लिए मिठाई की दुकान पर काम करते थे। श्रवण की मौत से पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।