निगोह। बरसठी थाना क्षेत्र के निगोह कटवार मार्ग पर निगोह गांव के पास सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई लेकिन पुलिस इससे इन्कार कर रही है। युवक भदोही से एक बारात में शामिल होने के लिए निगोह आया था।
भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के अंबेडकरनगर वार्ड निवासी चंदन गौतम(30) पुत्र कैलाश रविवार को वार्ड के ही शनि पुत्र दशरथ की बरात में शामिल होने के लिए निगोह आया था। बरात निगोह निवासी जितेंद्र की पुत्री के लिए आई थी। सोमवार की सुबह चंदन का शव गांव से एक किमी दूर निगोह कटवार मार्ग पर सड़क किनारे नीचे पानी के गड्ढे में मिला। सुबह खेत जा रहे ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने देखा कि युवक के कान से रक्तस्राव हो रहा था। लोग हत्या कर घटनास्थल पर शव फेंकने की आशंका जता रहे हैं। सड़क किनारे गड्ढे में बाइक के पहिये का निशान है और उसका इंडिकेटर वही टूटा मिला, घास पूरी तरह से रौंदा मिला। आशंका जताई जा रही है कि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक लेकर भाग निकले। सूचना मिलते ही आसपास गांव के लोग व बराती घटनास्थल पर पहुंच गए। बरातियों ने शव की पहचान चंदन गौतम के रूप में करते हुए सूचना परिजनों को दी।
प्रभारी निरीक्षक गोविंद देव मिश्रा ने बताया कि हत्या की आशंका नहीं है, कान से केवल खून आ रहा है यह दुर्घटना से भी हो सकता है। बरातियों के अनुसार युवक एक पैर व एक हाथ से दिव्यांग था, हमेशा नशे की लत में रहता था। सड़क दुर्घटना में बाइक से ऊंचाई से गिरा होगा और उसकी मौके पर मौत हो गई हो। उसका साथी घबराकर बाइक लेकर फरार हो गया हो। साथी की तलाश की जा रही है कि कौन बाइक सवार था। पोस्टमार्टम आने के बाद ही घटना के बारे में कुछ कहा जा सकता है।