सिंगरामऊ। स्थानीय थाना क्षेत्र के तुरकौली और बछुआर गांव के बीच मंगलवार की सायं युवक का शव मिला। सूचना पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टन के लिए भेज दिया। पुलिस इसे दुर्घटना बता रही है, तो परिजन हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगा रहे हैं।
बछुआर गांव निवासी राजेश मिश्र (42) पुत्र लालजी मिश्र मंगलवार को बाइक से दोपहर बाद करीब चार बजे सिंगरामऊ बाजार जाने के लिए निकला था। शाम करीब छह बजे गांव का ही एक व्यक्ति बाजार से घर लौट रहा था। उसने राकेश की बाइक को हाईवे पर खड़ा देखा तो वहीं रुक गया। बाइक से कुछ दूरी पर राकेश का शव मिला। उसने घटना की सूचना राकेश के परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के राजेश का शव लेकर सीएचसी बदलापुर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग शव लेकर सिंगरामऊ थाने पर पहुंच गए। राजेश मिश्र के भतीजे शुभम मिश्र ने तहरीर देकर राकेश की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिवार के लोगों का आरोप है कि मुंह पर चाकू से हमला कर राकेश की हत्या की गई है। जबकि पुलिस इसे दुर्घटना मान रही है। मृतक राकेश मिश्र के पास तीन बच्चे हैं। बेटी मांशी (20), बेटा शुभम (17) व सबसे छोटा बेटा लल्ला (8) है। राजेश मिश्र दो भाई हैं। छोटा जितेंद्र मिश्र बाहर रहकर ट्रेलर चलाता है। राजेश की हत्या खबर मिलने से परिवार में मातम छा गया। पति की हत्या से पत्नी विभा बेसुध हो गई। बच्चों और मां का भी रोर-रोकर बुरा हाल है। राकेश मिश्र भूमि खरीद कर प्लांटिंग करने का काम करते थे। मौके पर पहुंचे सीओ अरविंद वर्मा ने घटना की जानकारी ली। इस बाबत सीओ अरविंद शर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।