संचारी रोग नियंत्रण की अंतर विभागीय बैठक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान एक से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। वहीं दस्तक अभियान 17 से 30 अप्रैल तक चलाया जाना है, जिसमें स्वास्थ्य नगर विकास पंचायती राज, पशुपालन, बाल विकास, शिक्षा चिकित्सा, दिव्यांग, जन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई सूचना विभाग, उद्यान विभाग रोग नियंत्रण के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जनमानस के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। बुखार के रोगियों की तलाश की जाएगी तथा नगर व क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था होगी।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, नगर पंचायत व पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई रखी जाए ताकि कहीं भी जलभराव के कारण मच्छरजनित परिस्थितियां उत्पन्न न होने पाएं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित गतिविधियों को समय से संपादित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नालियों की सफाई, जल-भराव हटाए एवं एंटी लार्वा का छिड़काव कराए। बीएसए को निर्देश दिया कि विद्यालयों में जागरूकता के कार्यक्रम कराए जाए, छात्रों से निबंध लिखवाया जाएं और प्रमाण-पत्र वितरण किया जाए। निर्देशित किया कि ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधान एवं ग्राम विकास अधिकारी बैठक कर ब्लॉकवार योजना बनाते हुए 23 से 26 मार्च के मध्य कार्य संपादित कर लें जिसमें ग्राम प्रधान की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार के मरीजों, इंफ्लूएंजा लाइक इलनेस के रोगियों, क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों एवं कुपोषित बच्चों की सूची बनाएंगी। इस मौके पर सीडीओ साईं तेजा सीलम, जिला मलेरिया अधिकारी बीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।