सुइथाकला, सड़क दुर्घटना में मृत सीताराम विन्द की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
सरपतहां थाना क्षेत्र में सोमवार रात मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार दुकानदार सीताराम बिंद (68) की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग गया। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीताराम बिंद एकडला गांव के निवासी थे। वह रामनगर बाजार में पान की दुकान चलाते थे। सोमवार रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। कटघर गांव स्थित एकडला मोड़ के पास सामने से आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीताराम ट्रैक्टर के नीचे आ गए।
उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सीताराम बिंद लंबे समय से रामनगर बाजार में पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी मुरता देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियों और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।