बरसठी क्षेत्र के सुखलालगंज बाजार में समोसे के तेल से जली अस्पताल में उपचार के दौरान घायल महिला
सुखलालगंज बाजार में उधार समोसा न देने पर एक युवक ने मंगलवार की दोपहर में महिला दुकानदार पर खौलता तेल फेंक दिया। इस घटना में महिला के पैर गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। सुखलालगंज बाजार निवासी अमीन उर्फ दत्तन मंगलवार को समोसा खरीदने पूनम की दुकान पर पहुंचा। उसने पूनम से उधार में समोसा मांगा, लेकिन पूनम ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में अमीन ने कड़ाही में खौल रहा तेल पूनम पर फेंक दिया। पूनम के दोनों पैर और शरीर के अन्य हिस्से तेल से झुलस गए। उन्हें तुरंत सीएचसी बरसठी ले जाया गया। बाजार में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमीन उर्फ दत्तन को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाजार में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।