गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को सुक्खीपुर मोहल्ले के पास जौनपुर-शाहगंज मार्ग जाम कर दिया। गुस्साए उपभोक्ता गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। खबर मिलने पर पहुंचे शहर कोतवाल सीबी सिंह ने लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई मानने का तैयार नहीं था। कोतवाल ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों से बातचीत करने के बाद शनिवार को गैस वितरण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि सुक्खीपुर स्थित गैस एजेंसी से सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। डेढ़ महीने पहले गैस बुक कराया गया, लेकिन आज तक उन सबको दौड़ाया जा रहा है। लोग 20 से 25 किलोमीटर दूर से गैस लेने आते हैं, लेकिन यहां कह दिया जाता है कि गैस नहीं है, कल मिलेगी। यह सिलसिला करीब 15 दिनों से चल रहा है। इससे नाराज उपभोक्ता शुक्रवार की सुबह सड़क पर उतर आए और एजेंसी के सामने ही बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर खाली सिलेंडर लेकर बैठ गए।
करीब एक घंटे तक लगे जाम से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई स्कूली वाहन भी फंसे रहे। उपभोक्ता गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। खबर मिलने पर पहुंचे कोतवाल के आश्वासन पर लोग सड़क से हटने का तैयार हुए।