जौनपुर। नवरात्र के छठवें दिन देवी मंदिरों में मां कात्यायनी की पूजा की गई। मंदिरों में भोर से दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने माला-फूल और नारियल और चुनरी चढ़ाकर मां के दरबार में हाजिरी लगाई। नगर समेत ग्रामीण इलाकों में स्थापित देवी पूजा पंडालों में भी दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही।
भोर से ही मंदिर परिसर मां के जयकारे से गूंज उठे। शीतला धाम चौकिया में भी रोज की अपेक्षा भक्तों की अधिक भीड़ रही। मंदिर पुजारी अजय पंडा ने बताया कि सप्तमी पर भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। मान्यता है कि मां कात्यायनी ने ही महिषासुर का वध कर भक्तों की रक्षा की थी। इसके चलते भक्त बड़े ही भाव से मां की पूजा करते है। परमानतपुर स्थित मैहर मंदिर में दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड रही। बड़ी संख्या में भक्तों ने मत्था टेक कर मां का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी सूर्य प्रकाश जायसवाल ने कहा कि पौराणिक कथाओं के अनुसार मां कात्यायनी की पूजा भगवान राम और श्रीकृष्ण ने भी की थी। कहते हैं कि गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पति के रूप में पाने के लिए मां दुर्गा के इस स्वरूप की पूजा की थी। उधर, शहर मंडी अहमद खां, रासमंडल, अहियापुर, सिपाह, जोगियापुर सहित अन्य स्थानों पर सजे पूजा पंडालों में षष्ठी तिथि के साथ दर्शन-पूजन का सिलसिला तेज हो गया है। बदलापुर के स्टेशन रोड स्थित मुख्य दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष वैभव सिंह की देख रेख में समिति के पंडाल मां के जयकारे से देर रात तक गूंजते रहे। मां दुर्गा पूजा समिति चंदन शहीद रोड के पंडाल में भक्तों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। समिति के आयोजक गुलाब चंद्र साहू व दयाशंकर निगम, नवीन साहू बीच में एनाउंसमेंट कर कोविड-19 की जानकारी देते रहे। सरोखनपुर पर मां दुर्गा पूजा समिति, अष्टभुजी दुर्गा पूजासमिति में श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं।
आज मां कालरात्रि की होगी पूजा
जौनपुर। नवरात्र की सप्तमी पर शुक्रवार को देवी मंदिरों में कालरात्रि की पूजा की जाएगी। सिटी स्टेशन स्थित मां दक्षिणा काली मंदिर में कालरात्रि की पूजा की जाएगी। मंदिर के पुजारी बागीश सिंह ने बताया कि इस मौके हवन पूजन के साथ महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मां का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। शाम को प्रसाद वितरित किया जाएगा।