आबकारी विभाग और पुलिस की साझा टीम ने बुधवार को सुजानगंज थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव में छापा मारकर शराब बनाने के अवैध कारखाने का भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित और अर्ध निर्मित शराब समेत एक ट्रक माल बरामद किया है। मौके से तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
कारखाने में काम करने वाले दर्जनों मजदूर पीछे के दरवाजे से भाग निकले। आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि खेमपुर गांव में स्थित एक घर के अंदर अवैध शराब बनाने का कारखाना चलता है।
जिला आबकारी अधिकारी देव नारायण दुबे के निर्देश पर आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, राजेश्वरी मौर्य, रामअधार पाल, अरुण यादव, अरुण मौर्य एसओ सुजानगंज केके मिश्रा, सीओ बदलापुर दीपनारायण मय फोर्स के खेमपुर
गांव पहुंचे। यहां राघव राम के घर पर पुलिस ने छापा मारा। मकान की बाउंड्री के भीतर का नजारा देख पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी भी हैरान रह गए। यहां से 10 ड्रम में भरी 600 लीटर स्प्रिट, दो सौ एमएल की 2750
सीसी, तीन झाल में भरे ढक्कन, दो पैकिंग की मशीनें, आबकारी विभाग से मिलता जुलता होलोग्राम, कलर बनाने का केमिकल सहित अन्य उपकरण और बर्तन बरामद किए गए। एक ट्रक में भरकर सारा माल सुजानगंज थाने में लाया
गया। थानाध्यक्ष सुजानगंज केके मिश्रा ने बताया कि बरामद स्प्रिट और अन्य केमिकल्स की कीमत 10 लाख से अधिक होने का अनुमान है।
मौके से राघव राम और उनके बेटे शैलेश व ऊदल को गिरफ्तार कर लिया गया है। खबर लिखे जाने तक उनके खिलाफ थाने में लिखा पढ़ी की कार्यवाही चल रही थी।
उधर, आबकारी विभाग की टीम ने नगर कोतवाली क्षेत्र के धरनीधरपुर और सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में भी छापेमारी कर अवैध शराब के अड्डों का भंडाफोड़ किया।
जिला आबकारी अधिकारी देवनारायण दुबे ने बताया कि धरनीधरपुर से 50 लीटर शराब, और डेढ़ हजार लीटर लहन बरामद किया गया। लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
सरायख्वाजा 80 लीटर शराब और एक हजार लीटर लहन बरामद किया गया। दोनों स्थानों पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। भट्ठी को नष्ट करा दिया गया।