अलग-अलग सड़क हादसे में छात्र सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पियारेपुर गांव निवासी प्रेम सागर का बेटा आदेश उपाध्याय 12 बहुधन्धी इन्टर कालेज में कक्षा सात का छात्र है। स्कूल से घर वापस लौटते समय स्कूल के समीप ही एक मैजिक ने उसकी साइकिल में धक्का मार दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। लोगों ने तत्काल सीएचसी पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल से उसे बीएचयू रेफर कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने मैजिक चालक की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया गौराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के कुकुहां मोड़ के पास बुद्धवार की शाम बस के धक्के से प्रेमापुर गांव निवासी राजेश कन्नौजिया बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सिकरारा प्रतिनिधि के अनुसार इलाहाबाद मार्ग पर सिकरारा बाजार में बुधवार को मैजिक के धक्के से फार्मासिस्ट बाइक से गिरकर घायल हो गए। गम्भीर हालत में बेहतर इलाज के लिए उन्हें बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। खानापट्टी गांव निवासी शैलेष यादव सुबह बाइक से ड्यूटी करने के लिए घर से निकले।
ज्योहीं वह देहजुरी गांव के मुख्य द्वार पर पहुंचे तभी जौनपुर की तरफ से आ रही एक मैजिक अनियन्त्रित होकर उनके बाइक में जाकर जोरदार टक्क़र मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। सिर में चोट ज्यादा लगने के कारण चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।