सोमवार की सुबह से घर से लापता बक्शा थाना क्षेत्र के धीराजपुर निवासी युवक राजेश चौहान का मंगलवार को खरौना गांव के पास गोमती नदी में शव पाया गया। उसके कान और नाक से खून निकल रहा था। परिवार वालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के धीराजपुर गांव निवासी राजेश चौहान सोमवार को गोमती नदी में नहाने के लिए गया था। उसके साथ गांव के कुछ और भी युवक नहाने के लिए गए थे। शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई।
लोगों ने उसकी खोजबीन की। नदी में भी तलाश की गई लेकिन कहीं उसका पता नहीं चला। मंगलवार को घर से करीब आठ सौ मीटर दूर खरौना गांव के पास गोमती नदी में राजेश का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव निकाले जाते समय उसके कान और नाक से खून निकल रहा था। मृतक के भाई मुनीब चौहान की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर में परिवार वालों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस का कहना है कि वैसे तो युवक की मौत नदी में डूबने से ही होना लगता है। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। कहा कि तहरीर लेकर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।