मुरादगंज में मंदिर से मां अन्नपूर्णा की मूर्ति चोरी के बाद जांच करता डाग स्क्वायड।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के मुरादगंज में बुधवार की रात में राम जानकी मंदिर से चोर चैनल काटकर लाखों रुपये कीमत की मां अन्नपूर्णा की मूर्ति चुरा ले गए। तीन माह में इसी मंदिर में दूसरी बार चोरी की घटना होने से पुलिस हैरान हो गई है। डाग स्क्वायड टीम बुलाकर जांच कराई गई लेकिन कोई खास सुराग नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि मूर्ति अष्टधातु की थी।
मुरादगंज में रामजानकी मंदिर स्थित है। यहां पूजा पाठ और देखभाल नरसिंह बहादुर सिंह के परिवार के लोग करते हैं। एक जनवरी को इस मंदिर से चोरों ने राम जानकी की मूर्ति चुरा लिया था। जिसे काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बरामद कर लिया। मूर्ति चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों ने दोबारा बुधवार को मंदिर का चैनल तोड़कर मां अन्नपूर्णा की मूर्ति चुरा ले गए।
सुबह जब पूजा के लिए मंदिर खुला तो लोगों को जानकारी हुई। आस पास के काफी लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई जहां लोगों ने पुलिस की शिथिलता को लेकर आक्रोश जताया। लोग आए दिन चोरी की घटनाओं से दहशत में हैं।