महराजगंज थाना क्षेत्र के घरवासपुर निवासी केशव प्रसाद पाल की हत्या चोरी में विफल होने पर की गई थी। इसका खुलासा शुक्रवार को करते हुए पुलिस ने राजा बाजार तिराहे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, कलेक्ट्रेट में पुलिस पर मामले की लीपापोती का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर एसपी को ज्ञापन सौंपा। घरवासपुर निवासी केशव प्रसाद पाल धनगर 16 मार्च को भेड़ बकरियों को चराने के लिए जंगल गए थे।
शाम को वह घर नही लौटे तो परिवार को चिंता हुई और उनकी पत्नी और पुत्र उन्हें खोज रहे थे कि दो लेागों को भेड़ बकरी ले जाते देखा। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की। इस दौरान दोनों आरोपी भेड़-बकरी छोड़कर भाग गए। पुलिस इसमें एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद भी छोड़ दिया। उधर गुरुवार की सुबह सरसों के खेत में केशव का शव पाया गया।
इस मामले में रोहित पाल ने प्रतापगढ़ के थानापट़्टी के बधवा निवासी इरशाद अली और भोड़ीपुर कठार निवासी नन्हकू गुलजार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर ग्रामीणों का आरोप है कि अगर पुलिस रात में ही खोजबीन शुरू किया होता तो हत्या नही होती।
लेकिन पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद भी थाने से छोड़ दिया। ग्रामीणों ने एसओ, थाने के एसआई और सिपाहियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग किया है। एसपी ग्रामीण अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि हत्या के दोनाें आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।