नगर कोतवाली क्षेत्र के कालीकुत्ती मोहल्ले में मंगलवार की शाम 7:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने बम फोड़कर दहशत फैला दी और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने भाग रहे बदमाशों में से एक को बाइक से खींच लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
स्थानीय लोगों की माने तो कालीकुत्ती मोहल्ला स्थित एसबीएस स्कूल के सामने होलिका लगाई गई है। साम को मोहल्ले के लड़के होलिका के पास मौजूद थे। ओलंदगंज की ओर से करीब दर्जन भर बाइक पर सवार युवक मोहल्ले में पहुंचे उसी दौरान मैहर देवी मंदिर की ओर से पैदल मार्च करते कोतवाल करीब 50 की संख्या में पुलिस बल के साथ आ रहे थे।
पुलिस और बदमाशों में करीब 50 मीटर का फासला रहा होगा तभी बदमाशों ने ताबड़ तोड़ तीन बम होलिका के पास फेंके और हवा में फायरिंग करते ओलंदगंज की ओर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बाइक के पीछे बैठे एक बदमाश को खींच लिया जबकि उसके अन्य साथी भागने में सफल हो गए। युवक को लोगों ने पुलिस को हवाले कर दिया।
कालीकुत्ती मोहल्ला निवासी शुभम सिंह, आदित्य मिश्र, रमन सिंह, शिवम अस्थाना, अनूप सिंह आदि ने संयुक्त रूप से पुुलिस को तहरीर दी है। उधर घटना होते ही क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोग इस घटना को टीडी कालेज में छात्र गुटों के पुराने विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि इंस्पेक्टर सत्येंद्रनाथ तिवारी का कहना है कि बम फोड़ने की पुष्टि नहीं हो सकी है।
पटाखे की आवाज पुलिस ने सुनी थी। एक युवक को पुलिस ने ही दौड़ाकर पकड़ा है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि इंस्पेक्टर कोतवाली सत्येंद्रनाथ तिवारी का कहना है कि बम नहीं पटाखा फोड़ा गया है। पर किस लिए ऐसा किया गया यह जांच के बाद पता चलेगा।