जेसीज चौराहे के पर वाहन से काली फिल्म उतरवाते एसपी अतुल सक्सेना।
कोतवाली क्षेत्र के अशोक टाकीज के पास शुक्रवार की दोपहर बारह बजे वाहनों की चेकिंग कर रहे कोतवाल को राजनीतिक दल का झंडा लगा कर जा रहे बोलेरो सवारों ने कुचलने का प्रयास किया। बाद में घेराबंदी कर बोलेरो और चालक को शाहगंज पड़ाव पर पकड़ लिया गया।
किसी तरह का कोई कागज नहीं होने पर बोलेरो को सीज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोतवाल अरविंद सिंह कुछ सिपाहियों और दो दरोगा के साथ शुक्रवार को अशोक टाकीज के सामने गाड़ियों को चेक कर रहे थे।
बाहर बजे के करीब सद्भावना पुल की तरफ से राजनैतिक दल का झंडा लगाकर आ रही एक बोलेरो को रोकने के लिए वे सड़क पर थोड़ा बढ़ कर खड़े हो गए और उसे रुकने का इशारा किया। इस पर चालक ने वाहन रोकने के बजाए रफ्तार तेज कर उन्हें कुचलने का प्रयास किया किंतु कोतवाल ने कूदकर जान बचाई।
इस दौरान उन्हें हल्की चोटें भी आईं। घटना का मैसेज पास होते ही पुलिस घेराबंदी करने लगी। एसपी सिटी कमलेश दीक्षित खुद वायरलेस पर आ गए और उन्होंने किसी भी हालत में गाड़ी को पकड़ने का निर्देश थानों को दिया।
थोड़ी देर बाद शहर के शाहगंज पड़ाव के पास से पुलिस ने गाड़ी को चालक सहित पकड़ लिया। कोतवाल अरविंद सिंह ने बताया कि अगर उन्होंने कूद कर बचाव नहीं किया होता तो बड़ी घटना हो सकती थी। एसपी सिटी कमलेश दीक्षित ने कहा कि कागजात नहीं होने पर गाड़ी को सीज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।