सतहरिया स्थित अभिनव स्टील फैक्ट्री से अमेठी जा रहे ट्रक चालक को बदमाशों ने अगवा कर सरिया लदा ट्रक लूट लिया। चालक का हाथ पैर बांधकर सड़क किनारे फेंक दिया। इलाहाबाद के सरायममरेज थाना क्षेत्र के सोरों सराय गांव निवासी जसपाल यादव सतहरिया निवासी रामअजोर यादव का ट्रक चालक है। वह कंपनी से आठ टन सरिया लादकर अमेठी जा रहा था।
ट्रक प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर पुलिया के पास पहुंचा ही था कि आधा दर्जन स्कार्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक को ओवर टेक कर रोक लिया। इसके बाद तमंचा सटाकर चालक को स्कार्पियो में बैठा लिया। दो बदमाश ट्रक लेकर फ़रार हो गए। ड्राइवर को रायबरेली के सलवन में एक झाड़ी में मारपीट कर उसका हाथ पैर बांधकर फेंक दिया।
सुबह होश आया तो वह किसी राहगीर के मोबाइल से कंपनी के मैनेजर दिलीप खूंटिया को घटना की जानकारी दी । दिलीप खूंटिया ने सलवन थाने फोन कर घटना की जानकारी दी । पुलिस ड्राइवर को लेकर ट्रक की तलाश में निकली तो ट्रक एक सुनसान स्थान पर खड़ा मिला। लेकिन ट्रक पर लदी सरिया गायब थी । फिलहाल फतनपुर और सलवन की पुलिस ड्राइवर को लेकर जगह जगह दबिश दे रही है । एसपी जौनपुर रामप्रताप सिंह का कहना है कि घटना संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो प्रतापगढ़ पुलिस का सहयोग कर घटना का खुलासा किया जाएगा।