स्थानीय क्षेत्र के नौली गांव में रविवार की रात चोरों ने सराफा की दूकान में पीछे से सेंध लगाकर नकदी, जेवरात समेत हजारों का माल पार कर दिया।
इसी गांव के प्राथमिक विद्यालय और एक पंपिंगसेट वाले मकान का ताला तोड़कर हजारों का माल चोर उठा ले गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। डागस्क्वायड भी पहुंचा लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। नौली कलापुर गांव में रामनाथ सेठ घनश्याम सेठ नाम से सराफा की दूकान है।
स्थानीय लोग सुबह उठे तो देखा दूकान के पीछे सेंध लगी थी। सूचना मिलते ही फर्म के मालिक खेतासराय निवासी राजकिशोर सेठ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने दूकान का ताला खोला तो देखा आलमारी में रखा गया सोना, चांदी, और नकदी समेत हजारों का माल गायब था। सूचना पर थानाध्यक्ष त्रिलोकी सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
वह जांच पड़ताल कर रहे थे तभी पता चला कि गांव के प्राथमिक विद्यालय का भी ताला टूटा था और कार्यालय में रखे अभिलेख आदि तितर बितर कर दिए गए थे।
प्रधानाध्यापक रामप्रताप मौर्य ने बताया कि तहरीर दे दी गई है। इसी गांव के बगल में स्थित अहिरो परशुरामपुर निवासी हीरालाल राजभर के ट्यूबवेल वाले कमरे का ताला टूटा था।
वहां से पुल्ली, पट्टा, मोबिल आदि सामान चोर उठा ले गए। घटना स्थल पर डागस्क्वायड भी पहुंचा लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। तीनों पीड़ितों की ओर से थाने में तहरीर दे दी गई है।
थानाध्यक्ष मीरगंज त्रिलोकी सिंह का कहना है कि तीन स्थानों पर हुई चोरी के मामलों में केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। इस माह कई चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।