जिले के अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। वहीं सिकरारा में गुरुवार को हुए हादसे में घायल एक वृद्ध् की भ्ाी मौत हो गई।
बक्शा थाना क्षेत्र के सुजियामऊं गांव निवासी मेवालाल गौतम (65) किसी काम से पैदल ही जा रहे थे। वह गांव में बसारतपुर मार्ग पर पहुंचे थे तभी एक ट्राली लगे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
उधर मछलीशहर कस्बे के चुंगी चौराहे के पास शुक्रवार की भोर में इलाहाबाद से सवारी लेकर जौनपुर की ओर जा रही राप्तनी नगर डिपो की रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक राजेश कुमार (25) निवासी रुदौली बस्ती और बस में सवार यात्री जगन्नाथ पाण्डेय (22)निवासी बिलरियागंज थाना जिला आजमगढ़ घायल हो गए।
वहीं दूसरे यात्रियों को हल्की फुल्की चोंटे आयी। टक्कर से हुई तेज आवाज सुनकर आस पास के लोग पहुंच गए और यात्रियों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से चालक और घायल एक यात्री को अस्पताल पहुंचाया गया।
सिकरारा प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र के अरुआवा बाजार में गुरूवार की शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्त्रस्वार की भोर में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अरबिन्द पाण्डेय ने बताया कि मडियाहूं थाना क्षेत्र के सोइथा गांव निवासी राजपति गौतम(55) गुरुवार की शाम साइकिल से देवकली अपनी बेटी की ससुराल जा रहे थे।अरुआवा मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के लिए मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए जहां हालत गंभीर होने पर रात में ही चिकित्सको ने बीएचयू रिफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय जलालपुर के पास उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अन्य परिजनों को हादसे की खबर दे दी है।