खुटहन के पटैला में शुक्रवार काे दो गुटों में बवाल के बाद पहुंचे डीएम भानुचंद्र गोस्वामी।
पशु तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को पटैला बाजार में दूकानों को बंद कराने के दौरान दो पक्षों में मारपीट, पथराव और दूकानों में तोड़फोड़ हुई। हवाई फायरिंग भी होने से भगदड़ मच गई। इसमें कई लोगों को चोटें आईं। तनाव को देखते हुए डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बात कर मामला शांत कराया।
एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर कई थानों की फोर्स और पीएसी लगा दी गई है।सीओ शाहगंज महेंद्र सिंह देव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने गुरुवार की रात सरपतहा क्षेत्र के गुलामीपुर गांव स्थित उलेमा कौंसिल के प्रदेश उपाध्यक्ष शहाबुद्दीन के ईंट-भट्ठे पर छापा मारकर 40 बैल बरामद किए।
जानकारी होते ही शहाबुद्दीन के विरोधी गुट के जेल में बंद पिंटू खान, अनिल यादव और मुकेश शर्मा के समर्थक शुक्रवार को खुटहन के पटैला बाजार पहुंचे और शहाबुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए दूकानों को बंद कराने लगे। कहासुनी के बाद शहाबुद्दीन और पिंटू खान के समर्थक आपस में भिड़ गए।
सिपाही अनिल यादव मौके पर पहुंचा तो उसे भी पत्थर लेकर दौड़ा लिया। इसके बाद दोनों गुटों में जमकर पथराव हुआ। इसमें कारोबारी डब्ल्यू का दांत और अकरम का पैर टूट गया। जबकि बल्लू और लाला यादव के पैर में चोट आई। मुन्ना, रियाजू की रसोई गैस की दूकान, मनी राम की पान की दूकान, कैफी की कपड़े की दूकान में तोड़फोड़ हुई।
सूचना पर खुटहन, शाहगंज, सरपतहा पुलिस पहुंच गई, लेकिन स्थिति नियंत्रण में नहीं आई। घंटे भर बाद डीएम भानुचंद्र गोस्वामी, एसपी अतुल सक्सेना, एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट रत्नाकर मिश्रा पीएसी के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।