केराकत में सराफ की दूकान बुधवार को डकैती की घटना के बाद पहुंची पुलिस।
नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े गोला वार्ड स्थित आभूषण की दूकान में डकैती डाल 15 लाख के गहने और दो लाख नकदी लेकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। फायरिंग में एक महिला घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर डीआईजी डा. संजीव गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए।
केराकत नगर के मोहल्ला गोलवार्ड निवासी गोपाल सेठ की आनंद ज्वेलर्स के नाम से आभूषण की दूकान है। दिन में करीब डेढ़ बजे एक बाइक से तीन नकाबपोश बदमाश आए। उसी दौरान आनंद अंदर खाना खाने गए थे। बदमाशों ने नौकर को कब्जे में ले लिया, तभी आनंद की मां आशा देवी नौ माह के बच्चे को लेकर आ गईं।
आनंद भी पीछे से आ गए। बदमाशों ने सभी पर असलहा तानकर बंधक बना लिया। इसके बाद आनंद से तिजोरी खोलने के लिए कहा। चाभी नहीं देने पर आनंद को गोली मारने की धमकी दी। इस पर आनंद ने तिजोरी खोल दी। इसके बाद दो बदमाश तिजोरी से गहना निकाल कर साथ लाए बैग में भर लिए।
इस दौरान सीसीटीवी कैमरा निकालने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। बदमाश गहनों से भरा बैग लेकर बाहर निकल रहे थे, इसी दौरान आनंद के पिता गोपाल सेठ घर पर आ गए। उन्हें देख बदमाश फायरिंग करने लगे। फायरिंग में पड़ोस की माया देवी पत्नी राजेश को गोली लग गई।
वह बाजार से अपने घर जा रही थी। उसके बाएं तरफ पेट के निचले हिस्से में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सिटी रामजी सिंह यादव, सीओ केराकत उमाशंकर सिंह भी पहुंच गए। डागस्क्वायड टीम मंगवाई गई लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका।