रामपुर के सिधवन में सोमवार को सीमेंट फैक्ट्री में दीवार गिरने के बाद बाहर जुटी भीड़।
अंबा सीमेंट फैक्ट्री, सिधवन का हापर सेलो (ब्वायलर)ओवरलोड के चलते सोमवार की दोपहर फट गया। इससे फैक्ट्री की दीवार ढह गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच झुलस गए। दो अन्य के दबे होने की आशंका है। देर शाम तक बचाव कार्य जारी था। डीएम और एसपी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। डीएम ने जांच का आदेश दे दिया। उधर पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर फैक्ट्री मालिक समेत छह पर केस दर्ज कर लिया है।
औद्योगिक क्षेत्र सिधवन स्थित फै क्ट्री में 20 दिन पहले हापर सेलो बदला गया था। इसमें 100 टन माल भरा जाता है। मजदूरों की मानें तो सोमवार को 150 टन कच्चा माल भरने की वजह से मशीन का सेलो हापर फट गया और फाउंडेशन धंस गया। इस कारण दीवार गिर गई। मलबे में दबने और झुलसने से मजदूर सोमई यादव (40) निवासी सिधवन की मौत हो गई, जबकि सिधवन निवासी मन्नान (25), बब्बू (35), राजकुमार (20), होरीलाल (45), कोहरौटा सुरेरी निवासी जितेंद्र मिश्र (25) झुलस गए।
घायलों में जितेंद्र और बब्बू को जिला अस्पताल, जबकि अन्य का पीएचसी में इलाज चल रहा है। दो अन्य मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका है। मलबे को हटाने के लिए गैस कटर, क्रेन और दो जेसीबी मंगाई गई है। जिलाधिकारी की मौजूदगी में बचाव कार्य जारी है।