स्थानीय थाना क्षेत्र के दलपतपुर के पास शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी को पिस्टल के बल पर आतंकित कर 40 हजार नकदी और ढाई तोला सोना लूट लिया। नेवढ़िया बाजार निवासी कमलेश सेठ की वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव बाजार में ज्वेलरी की दूकान है। वह शुक्रवार को बाइक से दूकान जा रहे थे।
दलपतपुर के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद पिस्टल सटाकर बाइक की डिक्की से 40 हजार रुपये और ढाई तोला सोना, एटीएम कार्ड, मोबाइल व बाइक की चाभी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने दूसरे के मोबाइल से 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और पीड़ित को लेकर थाने पहुंची। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है।
एसओ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि सराफा कारोबारी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर लघुशंका के लिए गया था। इसी दौरान चोरों ने बाइक से माल पार कर दिया। उधर,नगर कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना पुल के पास शनिवार को मार्निंग वाक पर निकली महिला अधिवक्ता ऊषा देवी निवासी ताड़तला के गले से सोने की चेन स्नेचरों ने छीन लिया। इसके बाद स्नेचर फरार हो गए।
महिला अधिवक्ता ने बताया कि वह टहल रही थी उसी दौरान एक व्यक्ति जो काले रंग और छोटे कद का था उसने रोककर पूछा कि यह रास्ता किस तरफ जाता है। बातचीत में उलझाकर उसने आठ ग्राम सोने की चेन छीन लिया। थोड़ी दूर पर उसके दो साथी बाइक लेकर खड़े थे। उसपर बैठकर अशोक टाकीज की ओर फरार हो गए। अधिवक्ता की सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।