कन्नौज। एक निजी चिकित्सक के पास दवा लेने आई महिला से दो टप्पेबाजों ने ठगी कर ली। उसके पास मौजूद नगदी व जेवरात लूट लिए। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने टप्पेबाजों की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल सका। सदर कोतवाली के गांव नसरापुर निवासी सिद्धेश्वर की पत्नी अर्चना बीमारी के चलते दोपहर लगभग1.30 बजे तिर्वा क्रासिंग स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां दवा लेने आ रही थी। वह जैसे ही कलेक्ट्रेट तिराहे पर पहुंची तभी उसे दो युवक मिले।
युवकों ने अपनी पीड़ा बताते हुए महिला से 50 रुपये मांगे। इसके बाद अपनी बातों में महिला को उलझाकर उसके पास मौजूद 100 रुपये नगद, एक मोबाइल, पहने हुए जेवरात सहित करीब 50 हजार रुपये का सामान लेकर दोनों युवक चंपत हो गए। बाद में पीड़ित महिला रोते हुए कोतवाली पहुंची। जहां से उसे सरायमीरा चौकी भेज दिया गया। सरायमीरा पुलिस ने दोनों टप्पेबाजों की काफी तलाश की लेकि न कोई पता नहीं चल सका।