जिले की पुलिस चोरों के आगे पस्त हो गई है। वहीं चोर बेखौफ होकर हर रोज कहीं न कहीं चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। आंकड़ों पर गौर करें तो मार्च में 50 से अधिक चोरी की घटनाएं हुई हैं। अधिकतर घटनाओं में तो पुलिस ने केस भी दर्ज नहीं किया है। जो केस दर्ज हुए हैं उनका खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है। रविवार की रात में बरसठी, मछलीशहर, खेतासराय में लाखों का माल चोरों ने पार कर दिया।
चोरी की आए दिन हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। बरसठी संवाददाता के अनुसार कटवार गांव में रविवार रात चोरों ने प्रधान धर्मादेवी के आवास के सामने लगा सोलर पैनल, बैट्री एवं एलइडी लाइट उखाड़ ले गए। रेलवे फाटक के पास धनराज पाल के दुकान के सामने लगे सोलर पैनल, बैट्र्ी एवं एलईडी लाइट उखाड़ ले गए। सुबह जब लोग उठे तो चोरी का पता चला।
ग्राम प्रधान के पति शेषनाथ यादव ने चोरी की सूचना थाने पर दे दी है। खेतासराय संवाददाता के अनुसार नगर पंचायत से सटे मदीना कालोनी में पूर्व उप प्रमुख शकील अहमद गुड्डू के घर के सामने दरवाजा चांड़कर चोरों ने दो लाख रुपए नगद और कीमती सामान पार कर दिया। पूर्व प्रमुख अपने छोटे भाई की शादी में गांव मझौरा गए थे।
उन्होंने घर की देखभाल के लिए अपने पुत्र मजीद को मदीना कालोनी भेजा तो देखा की मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है। अंदर कमरे में गोदरेज की अलमारी भी टूटी पड़ा है। शादी के खर्च के लिए रखे दो लाख रुपए और कीमती सामान गायब हैं। गुड्डू ने थाने में तहरीर दी है। सूचना मिलने पर रात में सीओ शाहगंज जटाशंकर राव और खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंच जांच पड़ताल किया।
समाधगंज संवाददाता के अनुसार मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के अलापुर गांव स्थित शिव मंदिर से चोरो ने बैट्री, पीतल के घंटे और दानपात्र में रखे रुपयों पर हाथ फेर दिया। ग्राम प्रधान महेंद्र तिवारी ने बताया कि मंदिर के पुजारी सभा शंकर हैं। मंदिर गांव में है। वे सुबह शाम पूजा करके मन्दिर में ताला लगा देते है। रविवार की रात ताला तोड़कर घुसे चोरों ने लाउडस्पीकर की बैटरी, चार्जर, पीतल के एक दर्जन घंटे और दानपेटिका में रखा लगभग पांच हजार रुपये उठा ले गए। सोमवार को सुबह घटना की जानकारी होने पर मंदिर के पुजारी ने पुलिस को सुचना दी है। पुलिस मौके पर जाकर छानबीन कर रही है।