खेतासराय के पाराकमाल गांव में प्रधान पुत्र की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों द्वारा की गई आरोपी के घर में तोड़फोड़।
खेतासराय थाना क्षेत्र के पाराकमाल गांव में शुक्रवार को प्रधान पुत्र जफर सुपारी की हत्या के बाद शनिवार को शव दफन कर लौट रहे लोगों ने हत्यारोपी के घर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर पर तोड़फोड़, आगजनी के बाद पथराव किया।
लिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और फायरिंग की। एहतियात के तौर गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।सदर विधायक नदीम जावेद के गांव पाराकमाल में प्रधान और युवजन सभा के नेता आदिल के बीच वर्चस्व की जंग लंबे समय से जारी है।
मृतक मो. जफर सदर विधायक का समर्थक तो आदिल सपा प्रत्याशी जावेद सिद्दीकी का समर्थन कर रहा था। शुक्रवार को बदमाशों ने मो. जफर को गोली मारकर हत्या कर दी थी। शनिवार की शाम जनाजे में दो हजार से अधिक लोग शामिल थे।
सदर विधायक भी जनाजे में मौजूद थे। शव दफन कर लोग लौट रहे थे तभी कुछ युवक हत्या के आरोपी तारिक के घर पर हमला बोल दिया। उसका दरवाजा तोड़ दिया, कुर्सी इन्वर्टर तोड़ डाला और सोफे में आग लगा दी। भीड़ ने सपा नेता आदिल के समर्थक अकरम के घर कुर्सी तोड़ डाला और बिस्तर में आग लगा दिया ।
मौके पर मौजूद पुलिस ने लाठी पटक कर और आंसू गैस के गोले छोड़ कर लोगों को खदेड़ा और आग बुझाई। शाम 7:30 बजे पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर पीएसी तैनात कर दी गई है। फायरिंग और लाठी चार्ज की घटना से उन्होंने इनकार किया।