धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर ब्लॉक कार्यालय का शनिवार की रात ताला तोड़कर इनवर्टर, बैट्री, पंखा आदि सामान चोर उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर खंड विकास अधिकारी ने थाने में तहरीर दी है। सुबह कार्यालय में पत्रवाहक के पद पर तैनात राजेंद्र शर्मा ब्लाक कार्यालय पहुंचे तो देखा कि बीडीओ, ब्लाक प्रमुख और मनरेगा सेल के कार्यालय का ताला टूटा था। तीनों कार्यालयों से तीन इनवर्टर और इतने ही बैट्री व पंखे गायब मिले। उन्होंने सूचना बीडीओ शकुंतला सिंह को दिया। मौके पर पहुंच कर बीडीओ ने छानबीन के बाद पुलिस को तहरीर दी। सूचना पर थानेदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। तीनों कार्यालयों से गायब हुए सामानों की कीमत 80 हजार से अधिक बताई गई है। हालांकि कार्यालय से कोई अभिलेख गायब नहीं हुआ है।