बरसठी। क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में मंदिर की जमीन कब्जा करने के विवाद में दो पक्षों में लाठी-डंडे व फावड़ा चला। एक पक्ष से चार लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर है। सूचना के बाद देरी से पहुंची पुलिस पर गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव किया। बाइक सवार पुलिस के जवान जान बचाकर भाग खड़े हुए। बाद में सर्किल के सभी छह थानों की फोर्स पहुंची लेकिन हमलावर फरार हो चुके थे। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
गांव में स्थित मंदिर की भूमि पर एक पक्ष के लोग शनिवार की रात करीब आठ बजे कब्जा कर रहे थे। गांव निवासी चंदन तिवारी व संजय ने ने विरोध किया और काम रोकते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई। लाठी डंडे और फावड़े से हुए हमले में गांव निवासी चंदन तिवारी, रमाशंकर, उमाशंकर, संजय घायल हो गए। डायल 100 पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों को गुस्सा भड़क गया। लोगों का कहना था कि पुलिस सूचना के बाद तत्काल पहुंची होती तो मारपीट न होती। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। एक सिपाही पैदल दो दूसरा बाइक से भागखड़े हुए। बाद में सर्किल के मडिय़ाहूं , रामपुर, सुरेरी, मीरगंज, समेत समेत छह थानों की फोर्स पहुंच गई। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां गंभीर रूप से घायल चन्दन व उमाशंकर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।