डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के बलुई बरइछ गांव में शुक्रवार को बाइक सवार दो जालसाज एक महिला के घर से 17 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
बलुई बरइछ गांव निवासी गीता देवी पत्नी रमेश बैंक से 17 हजार रुपये निकाल कर घर आई थी। वह रुपये बाक्स में रखकर खेत में चली गई। घर पर उनकी बेटी संध्या अकेले थी। इसी बीच बाइक सवार दो जालसाज पहुंचे और घर पर मौजूद बेटी संध्या से जालसाजों ने कहा कि गीता देवी के नाम से पीएम आवास आया है। इसके लिए सौ रुपये जमा करना होगा। संध्या घर में बाक्स में रखे पेटी से रुपये निकालने गई तो जालसाज भी उसके पीछे घर में पहुंच गया। उसने देखा कि वह बाक्स से सौ रुपये निकाला और जालसाज को दे दिया। उसने फार्म पर हस्ताक्षर के लिए मां को बुलाने को कहा। बेटी मां को बुलाने खेत में गई तभी जालसाजों ने बाक्स का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे रुपये लेकर फरार हो गए। महिला बेटी के साथ खेत से लौटकर घर आई तो उसने बाक्स का ताला टूटा देख शोर मचाया। लेकिन तब तक जालसाज फरार हो चुके थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।