मडिय़ाहूं। खुटहन थाना क्षेत्र के डिहिया गांव में गत 16 दिसम्बर को हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपित को मडिय़ाहूं पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। उक्त आरोपित 15 हजार का इनामी बदमाश है जिसके ऊपर विभिन्न थानों में दर्जन भर मुकदमे दर्ज है।
क्षेत्राधिकारी मडिय़ाहूं एके शुक्ला ने बताया कि 16 दिसम्बर को खुटहन थाना क्षेत्र के डिहिया गांव में राम करन पाल व दिलीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली थी परंतु मुख्य अभियुक्त फरार चल रहा था। बुधवार की शाम प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार मिश्र ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शीतलगंज में अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर अभियुक्त को पकडने का प्रयास किया तो वह पुलिस पार्टी पर फायर करते हुए भागने लगा। जिसे पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त मणि उर्फ हुबेदार यादव निवासी केड़वारी थाना मडिय़ाहूं के पास से पुलिस ने एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्जन भर मुकदमें दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल चन्द्रमा राम, कांस्टेबल राधेश्याम, सर्वेश विक्रम यादव व बाबुल यादव शामिल रहे।