सुइथाकला। सरपतहां थाने की पुलिस ने मंगलवार को दोपहर कंटेनर में लदे 29 गोवंश के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। दोनों के खिलाफ पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और पुलिस टीम पर प्राणघातक हमले के आरोप में केस दर्ज कर जेल भेज दिया। सरपतहा थाने की पुलिस को सूचना मिली थी कि सुल्तानपुर की ओर से गोवंश लदा कंटेनर आजमगढ़ की ओर जा रहा है। इस सूचना पर उप निरीक्षक प्रद्युम्न यादव और अरुण राय की टीम समोदपुर तिराहे के पास घेराबंदी की। कंटेनर को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया तो चालक ने रफ्तार तेज कर दी। ट्रक की रफ्तार देख पुलिस टीम भागकर दूर खड़ी हुई। इसकी सूचना डायल 100 पर दी गई। डायल 100 और थाने की पुलिस ने सरपतहा तिराहे के पास सड़क पर गाड़ी खड़ी कर कंटेनर को रोक लिया। पुलिस टीम को दूर से ही देख चालक ने कंटेनर को रोक दिया। उसमें सवार तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने चालक समेत दो को पकड़ लिया जबकि एक फरार हो गया। कंटेनर के साथ दोनों को पुलिस थाने ले गई। कंटेनर में 29 गोवंश लदे थे। पकड़े गए चालक मो. आमिर निवासी तिलकनगर थाना कोतवाली जिला औरइया, तथा पशु तस्कर मो. जुबेर निवासी चांदपुर थाना मोगलीपुर जिला कानपुर देहात के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया। बरामद गोवंश को पुलिस ने स्थानीय पशुपालकों की सिपुर्दगी में दे दिया है।