खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के डिहियां गांव में रविवार की रात हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस मंगलवार को भी हत्यारों का पता नहीं लगा सकी। मृतक रामकरन की पत्नी उर्मिला की ओर से नामजद किए गए आरोपी को पूछताछ के बाद निर्दोश पाए जाने पर पुलिस ने उसे थाने से मुक्त कर दिया। डिहिया गांव में गोली मारकर हिस्ट्रीशीटर समेत दो लोगों की हुई हत्या के मामले में करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। लेकिन पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। डिहिया गांव निवासी श्रीपाल पाल के घर रविवार की आए रिश्तेदार सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर थाना क्षेत्र के लौहारे गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर रामकरन पाल व उसके मित्र अंबेडकरनगर जिले के निवासी दिलीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन दोनों के पास में ही घर के बरामदे में एक एक और रिश्तेदार नन्हेंपाल भी सो रहा था लेकिन उसकी जान बच गई। श्रीपाल के परिवार वालो का कहना है कि रामकरन को भोज में बुलाया नहीं गया था। उसे नन्हे लिवाकर आया था। रात को एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन नकाबपोश बदमाशो ने दोनो की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों के जागने तक बदमाश बाइक से फरार हो गए। पुलिस को अब धीरे धीरे उनकी बतायी कहानी से एतबार उठने लगा है। पुलिस हत्याकांड के खुलासे के लिए सर्विलांस की मदद के साथ साथ संदिग्धो को हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक रामकरन की प्तनी उर्मिला के द्वारा दी गई तहरीर में कादीपुर गांव के ही एक युवक को नामजद किया गया था। जिससे खुद एसपी सिटी ने पूछताछ भी किया। लेकिन पुलिस की नजर मे वह बेगुनाह पाया गया। इसके अलावा भी करीब दस लोगो को हिरासत मे लेकर उनसे अलग अलग पूछताछ की जा रही है। मौके पर पहुंचे एसपी दिनेशपाल सिंह ने घटना का जायजा लिया और हत्यारों का पता लगाकर शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश मातहतों को दिया।