सुइथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के बिरौली गांव के पास 29 नवंबर को साइकल सवार से तमंचे के बल पर हुई 90 हजार रुपये लूट के मामले को पुलिस ने चोरी में दर्ज किया है। मंगलवार को शाहगंज में तहसील दिवस पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक से पत्रकारों ने बढ़ते अपराध के बारे में सवाल किया तो इस बात का खुलासा हुआ। पुलिस अधीक्षक ने 29 नवंबर को हुई लूट की घटना से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने इंस्पेक्टर से पूछताछ की तो इस बात का खुलासा हुआ। इस पर एसपी ने इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए घटना का शीघ्र खुलासा करने का निर्देश दिया।
सरपतहा थाना क्षेत्र के भैसौली गांव निवासी नसीम अहमद 29 नवंबर को सूरापुर स्थित इलाहाबाद बैंक से 90 हजार रुपए निकालकर साइकिल से घर जा रहा था। वह बिरैली गांव में टेढ़ी मोड़ के पास पहुंचा ही था कि पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और उन्हें रोककर तमंचा सटा दिया। उन्होंने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई कर उनके पास से रुपयों से भरा झोला लूट लिया और करौंदीकला की तरफ भाग गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजय कुमार श्रीवास्तव भी घटना स्थल पर पहुंचे थे। पुलिस ने पीड़ित के साथ बैंक की शाखा में लगे सीसीटीवी को भी खंगाला था और शीघ्र घटना के खुलासे का आश्वासन दिया था। मंगलवार को एसपी दिनेशपाल सिंह तहसील दिवस पर शाहगंज पहुंचे। इसी दौरान पत्रकारों ने सरपतहा इलाके में बढ़ रहे अपराध के बारे में एसपी से सवाल किया। हाल के दिनों में हुई लूट की घटनाओं को पत्रकारों ने एसपी को गिनाया तो उन्होंने 29 नवंबर को हुई लूट की घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। इसके बारे में पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रसाद से पूछताछ की तो उन्होंने एसपी को बताया कि घटना चोरी की धारा में दर्ज हो गई है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने इंस्पेक्टर को फटकार लगाई और और शीघ्र घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया।