रामपुर। स्थानीय थाने की पुलिस जरूरतमंदों के लिए रक्तदान कराकर उसका सौदा करने के आरोप में जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा गांव निवासी रजनीश शुक्ल समेत 20 के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। रामपुर थाना क्षेत्र के बौरिया गांव निवासी राजन तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि रजनीश शुक्ल ने उसे यह कहते हुए रक्दान के लिए प्रेरित किया था कि रक्तदान पुनीत काम है। इससे बहुत से लाचार लोगों को मदद मिलती है। उसकी बात में आकर उन्होंने साथी आयुष, अमन सेठ, अभिषेक पांडेय समेत कई साथियों के साथ 15 अगस्त को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में जाकर रक्तदान किया था। उसने आरोप लगाया है कि रजनीश ने छल करते हुए खून को बेच दिया। उसने साक्ष्य के तौर पर पुलिस को मोबाइल पर हुई बातचीत का वायस रिकार्ड व वीडियो भी सौंपा है। पुलिस को दी गई तहरीर में राजन ने कहा है कि दान किए गए खून का सौदा करने की बात सामने आने पर उन्होंने आरोपी से पूछताछ की तो वह दस लोगों के साथ घर पर चढ़ आया और मारने पीटने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी रजनीश शुक्लाल समेत 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।