सिंगरामऊ। कुंसहां बाजार स्थित एक किराना की दुकान में शनिवार सुबह ं आग लगने से दुकान में रखा लाखों का माल जलकर राख हो गया। पीड़ित ने जान बूझकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है।
क्षेत्र के मल्लूपुर दलितबस्ती निवासी प्रदीप कुमार की कुंसहां बाजार में किराना की दुकान है । वह रोज की तरह शुक्रवार को भी दुकान बंद करके घर चला गया। शनिवार सुबह किसी ने सूचना दी कि उसकी दुकान के अंदर धुआं निकल रहा है। प्रदीप ने दुकान का शटर खोला तो देखा अंदर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। पीड़ित के मुताबिक लाखों का सामान आग की भेंट चढ़ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। प्रदीप कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही इंद्रजीत और गुलाब के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रदीप का कहना की आरोपियों ने किसी बात को लेकर देख लेने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष दुर्गेश्वर मिश्र ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है ।