करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक और युवती की आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने की घटना को लेकर गांव में दूसरे दिन शुक्रवार को भी तनावपूर्ण स्थिति रही। एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स गांव में ही कैंप कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक और युवती की आपत्तिजनक तस्वीर दो दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। दोनों अलग-अलग संप्रदाय के हैं। युवती के परिवार वालों को इस बात की जानकारी गुरुवार की शाम को हुई तो लोग आगबबूला हो गए। परिवार के लोग गांव के 25 से 30 लोगों के साथ लाठी डंडे लेकर आरोपी युवक के घर पहुंच गए। युवक मौके से फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने घरपर तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और थाने से फोर्स मौके पर पहुंच गई जिससे कोई बड़ी घटना नहीं हो सकी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। युवती की मां ने रात में ही दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवकों की गिरफ्तारी के बाद भी गांव में तनाव है। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिए। उन्होंने कहा कि गांव में शांति है। एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स गांव में कैंप कर रही है।