केराकत। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मेहंदीतला मोहल्ले में स्थित एक कुएं से शुक्रवार को युवक का शव मिला है। मृत युवक नगर के ही कसाई टोला मोहल्ले का निवासी था। वह सोमवार की शाम से ही अपने घर से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
कसाई टोला निवासी नसीरूद्दीनउर्फ बाबू (35) पुत्र सनाउल्लाह सोमवार की शाम से घर से लापता था। पत्नी रुबीना ने मंगलवार की सुबह स्थानीय कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। परिजन युवक की तलाश में लगे थे। इसी दौरान शुक्रवार को सुबह मेहंदीतला मोहल्ले में बस्ती से दूर खेत में स्थित पुराने कुएं में किसी ने युवक का शव देखा। शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह शव को बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान नसीरुद्दीन के रूप में हुई। कुएं में गैस के चलते शव निकालने में परेशानी हुई। पुलिस ने कुएं में पानी भरवाया तो शव ऊपर आ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। मृतक सरायवीरु चौराहा पर सैलून चलाता था और ऑरकेस्ट्रा में काम करता था। वह तीन बच्चों का पिता था।