मुंगराबादशाहपुर। पंवारा क्षेत्र के महेशगंज कुडुरिया गांव के पास जौनपुर इलाहाबाद मार्ग पर मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे रोडवेज बस और ट्रक की टक्कर में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए। टक्कर की इतनी जोरदार थी कि बस व ट्रक सड़क के किनारे गड्ढे में गिर गई। आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस से यात्रियों को बाहर निकलवाया। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जौनपुर से क्रेन मंगाकर पुलिस ने ट्रक व बस को बाहर निकाला। हादसे के चलते करीब तीन घंटे तक जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
आजमगढ़ डिपो की रोडवेज बस यात्रियों को लेकर आजमगढ़ से इलाहाबाद जा रही थी। बस जैसे ही महेशगंज कुड़ुरिया गांव के पास पहुंची। उधर, मुंगराबादशाहपुर से जौनपुर की ओर जा रही ट्रक से रोडवेज बस की जोरदार टक्कर हो गई। ट्रक व बस सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को लोगों के सहयोग से बस से निकाला। दुर्घटना में रोडवेज बस में सवार अल्तमस (18) मोहल्ला खानजादा मछलीशहर की मौत हो गई। जबकि अभय मौर्य (23) निवासी सरदहा बाजार आजमगढ़, उग्रसेन यादव (26) निवासी कुंवरपुर थाना पंवारा, लक्ष्मी देवी (42) निवासी घोसी मऊ, धर्मेंद्र यादव (23) निवासी मऊ, मुनिराज (65) निवासी मनीपुर महानी खरैनापुर आजमगढ़, केशवानंद शुक्ल (42) निवासी सिविल लाइंस इलाहाबाद, रोशन (18) निवासी पलिया खास निजामाबाद आजमगढ़, हेमंत यादव (25) निवासी पंवारा, विकास यादव (20) निवासी गौराबादशाहपुर, नंद किशोर (23) निवासी भैसपुर बरदह आजमगढ़, सतेंद्र सिंह (26) निवासी बेलगहन सिकरारा, संदीप यादव (34) ताजुद्दीनपुर मछलीशहर घायल हो गए। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने अभय मौर्य, उग्रसेन यादव, लक्ष्मी देवी, धर्मेंद्र यादव की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, सुजानगंज, पवांरा, मीरगंज की पुलिस मौके पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे तक जौनपुर इलाहाबाद मार्ग पर आवागमन ठप रहा।